दिल्ली में यमुना सफाई अभियान तेज़, मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया निरीक्षण
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने यमुना नदी को स्वच्छ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों के साथ यमुना सफाई अभियान का निरीक्षण किया। यह अभियान सिग्नेचर ब्रिज से लेकर आईटीओ छठ घाट और ओखला बैराज तक चलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा ने कहा, “हमारा लक्ष्य अगले तीन वर्षों में यमुना को पूरी तरह साफ करना है। अब तक 1,300 मीट्रिक टन कचरा हटाया जा चुका है।” उन्होंने यह भी बताया कि यमुना में गिरने वाले 18 बड़े नालों के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाए जाएंगे, जिससे गंदा पानी नदी में जाने से रोका जा सके।
सरकार द्वारा तैयार यमुना मास्टर प्लान को जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंज़ूरी के लिए भेजा जाएगा। इस योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्रों में नए STP स्थापित किए जाएंगे और यमुना किनारे कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जनता से अपील
प्रवेश वर्मा ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे यमुना में कचरा न डालें और इस स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें जनता की भागीदारी भी जरूरी है।”