मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा बैठक की
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में सभी विभागाध्यक्षों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य राजधानी में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों का आकलन करना था। 
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, दवाइयों व अन्य आवश्यक सामग्रियों का भरपूर भंडारण सुनिश्चित किया जाए। गहन चिकित्सा इकाइयों (ICU) में विद्युत बैकअप की व्यवस्था और डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियों को रद्द कर ड्यूटी रोस्टर तैयार करने को कहा गया।
राजस्व विभाग को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (DDMAs) को सक्रिय करने, आश्रय स्थलों की पहचान करने और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स (CDVs) की आपात तैनाती के निर्देश मिले। सशस्त्र बलों, रेलवे और हवाई अड्डा प्राधिकरणों से समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया।
पॉवर विभाग को आवश्यक सेवाओं के लिए बैकअप बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बिजली गुल होने की स्थिति में वैकल्पिक तैयारी रखने को कहा गया। गृह और पुलिस विभाग को जल व विद्युत आपूर्ति की सुरक्षा और परिचालन तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
PWD, MCD, NDMC को अवसंरचना निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन, मशीनरी और ठेकेदारों की सूची तैयार रखने के निर्देश मिले। DTC और DMRC को आपातकालीन रूट मैप्स व फ्लीट प्रबंधन की योजना तैयार करने को कहा गया। दमकल विभाग को अलर्ट मोड में रहने के आदेश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “दिल्ली सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
नेशनल कैपिटल टाइम्स ;












