सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने CJI पर हमले की घटना को बताया शर्मनाक, कहा- यह सिर्फ न्यायपालिका नहीं, दलित समाज का भी अपमान
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई पर एक वकील द्वारा वस्तु फेंकने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे देश के लोकतंत्र के इतिहास में “शर्मनाक और अभूतपूर्व” बताया।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि “आज़ादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है। लोकतंत्र में न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका सभी का अपना महत्व और स्थान है, लेकिन न्यायपालिका सर्वोच्च है।” उन्होंने आगे कहा कि “बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान और उसमें दिए गए अधिकारों की रक्षा का दायित्व सर्वोच्च न्यायालय का है। ऐसे में यह घटना न केवल न्यायपालिका का अपमान है, बल्कि देश के दलित समाज का भी अपमान है।”
सपा सांसद ने कहा कि यह घटना देश के लोगों में गहरी वेदना पैदा करने वाली है और यह सोचने पर मजबूर करती है कि देश किस दिशा में जा रहा है। उन्होंने अपील की कि पूरे देश को एकजुट होकर इस तरह की विचारधारा और मानसिकता का विरोध करना चाहिए।