ईरान ने मोसाद के लिए जासूसी करने वाले को दी फांसी, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की दया याचिका
ईरान ने इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने के दोषी एक व्यक्ति को कोम शहर में फांसी दे दी है। देश की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘मिजान’ के अनुसार, दोषी को जासूसी के गंभीर अपराध में अदालत ने पहले ही दोषी करार दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के उच्चतम न्यायालय ने इस व्यक्ति की सजा को बरकरार रखते हुए उसकी दया याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद, बुधवार को उसे तय समय पर फांसी दी गई।
मिजान एजेंसी की रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोषी व्यक्ति ने मोसाद को कौन-सी संवेदनशील सूचनाएं उपलब्ध कराईं, लेकिन बताया गया है कि उसने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की थी।
गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध हैं। ईरान अक्सर इजरायल पर अपने अंदर जासूसी नेटवर्क चलाने और आंतरिक अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाता रहा है। हाल के महीनों में ईरान ने कई ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है जिन पर मोसाद या सीआईए से जुड़े होने के आरोप लगे थे।
इस फांसी के साथ, ईरान ने एक बार फिर यह संकेत दिया है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अपराधों पर सख्त रुख अपनाए हुए है।












