दिवाली के बाद सोने-चांदी की चमक फीकी! कीमतों में भारी गिरावट
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर: दिवाली के बाद से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। त्योहार से पहले जिन धातुओं में तेजी का दौर था, अब उनमें कमजोरी लौट आई है। आज यानी 24 अक्टूबर को भी सोने और चांदी दोनों के भाव नीचे की ओर फिसल गए।
सुबह 9:25 बजे एमसीएक्स (MCX) पर 24 कैरेट सोना 123,700 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले सत्र से 404 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता है। आज के कारोबार में सोने ने 123,463 रुपये प्रति 10 ग्राम का लो और 123,728 रुपये प्रति 10 ग्राम का हाई स्तर बनाया।
वहीं, इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, शाम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,23,350 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि 22 कैरेट सोना 1,20,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया।
अगर चांदी की बात करें तो सुबह 9:33 बजे एमसीएक्स पर 1 किलो चांदी का भाव 1,47,459 रुपये प्रति किलो रहा, जिसमें 1,053 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। कारोबार के दौरान चांदी ने 1,46,500 रुपये का लो और 1,47,459 रुपये का हाई टच किया।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर डॉलर इंडेक्स की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की मांग पर रहेगी।












