दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, गांधीनगर में दो उपहार दिए
दिल्ली : की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद पहली बार वह सार्वजनिक रूप से लोगों के बीच नजर आईं। शुक्रवार को वह गांधीनगर पहुंचीं, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सीएम ने कार्यक्रम में स्पष्ट कहा, “आपकी सीएम न डरेगी, न रुकेगी।” उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में उनके बीच रहेंगी।
गांधीनगर की जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने दो बड़े उपहारों की घोषणा की। पहला उपहार देते हुए उन्होंने वरिष्ठ नेता अरविंदर सिंह लवली को पूरे यमुनापार का जिम्मा सौंपते हुए विकास बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया। सीएम ने कहा कि इसके आदेश वह कार्यक्रम में आने से पहले ही जारी कर चुकी हैं।
दूसरे उपहार के रूप में सीएम ने ऐलान किया कि यमुनापार के विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अरविंदर सिंह लवली और हर्ष मल्होत्रा से उन्होंने कहा है कि वे जितना भी बजट बताएं, सरकार तत्काल मंजूरी देगी। सीएम ने कहा, “यमुनापार का जितना भी काम करना है, करिए, बजट की चिंता मत करिए।”
कार्यक्रम में सीएम ने जनता से जुड़ाव दिखाते हुए कहा कि उन्हें अपने भाई-बहनों के बीच आकर विशेष खुशी हो रही है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि यमुनापार में विकास की रफ्तार और तेज होगी।