बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित एमएलए (विधायक) आवास परिसर का निरीक्षण किया। सीएम ने कहा कि नए विधायक आवास आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और इनका निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया गया है। परिसर का सौंदर्यीकरण भी बेहतरीन तरीके से किया गया है।
सरकार की ओर से बताया गया कि नवनिर्वाचित विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्र संख्या और विधानसभा क्षेत्र के आधार पर नए आवासों का आवंटन शीघ्र ही कर दिया जाएगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गंगा पथ के निर्माण से लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिली है। सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यहां पैदल यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।












