Home » देश » डंकी रूट केस में ED की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ कैश

डंकी रूट केस में ED की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ कैश

Dunki Route Case

6 किलो सोना और 313 किलो चांदी जब्त

नई दिल्ली/चंडीगढ़:
डंकी रूट के जरिए युवाओं को अवैध रूप से विदेश भेजने वाले नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 5 करोड़ रुपये नकद, 6 किलोग्राम सोना और 313 किलोग्राम चांदी जब्त की है। इस कार्रवाई से अवैध मानव तस्करी और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

ED अधिकारियों के अनुसार, डंकी रूट के जरिए अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय देशों में भेजने के नाम पर एजेंट युवाओं और उनके परिवारों से मोटी रकम वसूलते थे। यह पैसा हवाला और फर्जी कंपनियों के जरिए इधर-उधर घुमाया जाता था, ताकि इसकी असली स्रोत को छिपाया जा सके। जांच में सामने आया है कि आरोपी एजेंटों ने कई राज्यों में फैला नेटवर्क बना रखा था और विदेशों में बैठे दलालों से उनका सीधा संपर्क था।

छापेमारी के दौरान ED को बड़ी मात्रा में नकदी के अलावा सोना-चांदी के बिस्कुट, आभूषण और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह संपत्ति अवैध कमाई को छिपाने और सुरक्षित रखने के लिए खरीदी गई थी। इसके साथ ही कई बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

ED ने बताया कि इस मामले में पहले से दर्ज एफआईआर और शिकायतों के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया था। कई पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि एजेंटों ने उन्हें वैध वीजा और सुरक्षित रास्ते का झांसा देकर विदेश भेजने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में उन्हें अमानवीय हालात का सामना करना पड़ा। कुछ मामलों में लोग रास्ते में पकड़े गए या वापस भेज दिए गए।

प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि अवैध मानव तस्करी और डंकी रूट जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2