RNI NO – DELHIN/2015/63701

DCP Liecens No: F-2(N-18)

DL(DG-11)/8084/2015-17

Monday, 20 Oct 2025 , 11:51 am

RNI NO - DELHIN/2015/63701 | DL(DG-11)/8084/2015-17

Home » देश » हर घर तिरंगा अभियान : तीन साल में जन आंदोलन बना, 7.5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड

हर घर तिरंगा अभियान : तीन साल में जन आंदोलन बना, 7.5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड

हर घर तिरंगा अभियान : तीन साल में जन आंदोलन बना, 7.5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड

हर घर तिरंगा अभियान : तीन साल में जन आंदोलन बना, 7.5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड

नई दिल्ली।
अगस्त 2025 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एक व्यापक जन आंदोलन बन चुका है। तीन साल पहले आज़ादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर इसकी शुरुआत हुई थी और अब तक यह अभियान पूरे देश में लोगों की देशभक्ति का प्रतीक बन गया है।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी देशभर में भारी उत्साह देखा गया। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) के जरिए देशवासियों से अपील की थी कि वे तिरंगा स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण करें, अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अपलोड करें। इस अपील का असर साफ दिखाई दिया और अब तक 7,51,30,123 से अधिक लोगों ने अपनी सेल्फी अपलोड की है।

अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी, जब भारत अपनी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे कर रहा था। उस समय देशभर में 23 करोड़ परिवारों ने अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराया था। साथ ही 6 करोड़ लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपनी सेल्फी अपलोड की थी। डाक विभाग ने इस पहल को गांव-गांव, शहर-शहर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई और सीमांत इलाकों में भी राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराया। उस वर्ष वेबसाइट पर कुल 5 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी दर्ज हुईं।

इसके बाद 2023 में भी यह अभियान जोश और उत्साह के साथ चला। इस दौरान 10 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगा के साथ अपनी तस्वीर साझा की। धीरे-धीरे यह अभियान एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप लेता गया।

विशेषज्ञ मानते हैं कि यह अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए लोगों को आजादी की लड़ाई, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारत की गौरवशाली यात्रा को याद दिलाने की कोशिश की गई। यही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे ‘एक राष्ट्रगान, एक झंडा और एक राष्ट्र’ की भावना से जोड़ा।

आज जब पूरा देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, तब यह स्पष्ट है कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक सरकारी पहल नहीं रही, बल्कि यह अब देश के नागरिकों की भागीदारी से बना राष्ट्रव्यापी उत्सव बन चुका है।

लोगों में देशभक्ति जगाने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ाने का यह प्रयास आने वाले वर्षों में और भी गहराई से समाज में पैठ बनाएगा।

नेशनल कैपिटल टाइम्स 

संबंधित समाचार
Rudra ji