जामा मस्जिद से लाल किला तक भव्य तिरंगा यात्रा, मुस्लिम समाज की बड़ी भागीदारी
नई दिल्ली।
दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेतृत्व में बुधवार को पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद से लेकर लोकतंत्र के प्रतीक लाल किले तक एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा ने किया और इसमें मुस्लिम समाज के सैकड़ों नागरिक, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरी दिल्ली गूंज उठी। तिरंगे की शान और देशभक्ति के रंगों से सजी यह ऐतिहासिक यात्रा न सिर्फ एकता और सद्भाव का संदेश दे रही थी, बल्कि यह भी स्पष्ट कर रही थी कि राष्ट्र सबसे ऊपर है और हमेशा रहेगा।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जामा मस्जिद से लाल किले तक की यह यात्रा एक प्रतीक है — कि चाहे धर्म, जाति या समुदाय कोई भी हो, तिरंगे के नीचे हम सब एक हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल देश में भाईचारा और राष्ट्रप्रेम को और मजबूत करेगी।