श्रावण में श्रद्धा की धारा: नीलकंठ महादेव में अब तक 22 लाख शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक
नीलकंठ (उत्तराखंड), 18 जुलाई 2025:
श्रावण मास के शुभ आरंभ के साथ ही भगवान शिव के पावन धाम नीलकंठ महादेव में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोषों से गूंजता यह तीर्थस्थल भक्तों की अगाध आस्था और विश्वास का जीवंत प्रतीक बन चुका है।

अब तक 21,74,638 श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दरबार में जलाभिषेक कर चुके हैं। – 17 जुलाई को ही 3,88,900 शिवभक्तों ने मंदिर पहुंचकर जल अर्पित किया।
भक्तगण गंगा जल लेकर नीलकंठ पहुंच रहे हैं, दर्शन और जलाभिषेक के पश्चात शांतिपूर्वक अपने गंतव्यों की ओर लौट रहे हैं। पूरे मेले में अनुशासन और शांति बनी हुई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही।

पुलिस बल की सेवा-भावना की सराहना
इस भव्य आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने में स्थानीय प्रशासन और विशेष रूप से पुलिस बल की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और मार्गदर्शन हेतु तैनात पुलिसकर्मी सेवा-भाव से डटे हुए हैं और लगातार ड्यूटी प्वाइंट्स पर निगरानी कर रहे हैं।
श्रावण मास में नीलकंठ महादेव की यात्रा हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धा, व्यवस्था और उत्साह का अनूठा संगम बन चुकी है।