मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वन महोत्सव 2025 का किया शुभारंभ, 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज भारत मंडपम में दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित वन महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजधानी को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति सजग बनाने का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़ें और मिलकर एक स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित दिल्ली के निर्माण में भागीदार बनें।

इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए सभी ने पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हरित दिल्ली, स्वच्छ दिल्ली’ केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें।
इस महोत्सव के माध्यम से दिल्ली सरकार का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन को सुधारना, वायु प्रदूषण को कम करना और राजधानी को हरित क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।