रूसी नागरिकों को भारत का 30 दिन का फ्री E-Visa, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दो दिवसीय भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इन्हीं में से एक बड़ा फैसला पर्यटन से जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि रूसी टूरिस्टों को भारत के लिए 30 दिन का ई-टूरिस्ट वीजा पूरी तरह फ्री दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत जल्द ही ग्रुप टूरिस्ट वीजा की सुविधा भी शुरू करेगा, ताकि अधिक से अधिक रूसी पर्यटक भारत भ्रमण के लिए आकर्षित हों। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य भारत की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
क्या है E-Tourist Visa?
ई-टूरिस्ट वीजा एक पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया है।
इसमें आवेदक को किसी दफ्तर या दूतावास के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
यह वीजा पर्यटन, घूमने-फिरने या रिश्तेदारों से मिलने के उद्देश्य से जारी किया जाता है।
आवेदनकर्ता को सिर्फ ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी भरनी होती है।
30 दिनों के भीतर प्रोसेस पूरा कर वीजा जारी कर दिया जाएगा—वह भी पूरी तरह निःशुल्क।
नॉर्मल वीजा से कितना अलग?
नॉर्मल वीजा की प्रक्रिया ई-वीजा की तुलना में ज्यादा लंबी और जटिल होती है।
आवेदन के बाद दूतावास जाकर पासपोर्ट व फोटो वेरिफिकेशन करवाना पड़ता है।
कई मामलों में इंटरव्यू भी लिया जाता है।
बैंक बैलेंस और पिछले महीनों की ट्रांजेक्शन भी देखी जा सकती हैं।
कुल मिलाकर नॉर्मल वीजा की प्रक्रिया ई-वीजा से अधिक समय लेने वाली होती है।
रूसी पर्यटकों के लिए 30 दिन का फ्री ई-टूरिस्ट वीजा लागू होने के बाद भारत आने वाले टूरिस्टों की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है। यह कदम दोनों देशों के बीच पर्यटन, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा।












