भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने बुधवार सुबह 8:55 बजे एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। इसरो ने अपने सबसे शक्तिशाली रॉकेट LVM3 के ज़रिए अमेरिकी कंपनी AST स्पेसमोबाइल के ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 (BlueBird Block-2) संचार उपग्रह को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में स्थापित कर दिया।
यह मिशन LVM3 की छठी ऑपरेशनल उड़ान (LVM3-M6) के रूप में दर्ज किया गया है। लॉन्च के कुछ ही मिनटों बाद उपग्रह को निर्धारित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया, जिसके बाद इसरो वैज्ञानिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 सैटेलाइट का उद्देश्य पृथ्वी पर सीधे मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। AST स्पेसमोबाइल की यह परियोजना भविष्य में उन इलाकों तक मोबाइल संचार पहुंचाने में मदद करेगी, जहां अभी नेटवर्क की सुविधा सीमित है।
इस सफल प्रक्षेपण के साथ ही इसरो ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भारत न सिर्फ अपने अंतरिक्ष अभियानों में आत्मनिर्भर है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कमर्शियल लॉन्च मार्केट में भी एक भरोसेमंद और शक्तिशाली भागीदार बन चुका है।
विशेषज्ञों का मानना है कि LVM3 जैसे भारी रॉकेट के जरिए विदेशी सैटेलाइट लॉन्च होना भारत के लिए तकनीकी और आर्थिक—दोनों दृष्टि से बड़ी उपलब्धि है।












