दिल्ली में फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट का ऑनलाइन रिन्यूअल शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने किया डिजिटल पोर्टल का शुभारंभ
दिल्ली में फायर सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के ऑनलाइन रिन्यूअल पोर्टल का शुभारंभ किया। इस नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे ही अपने फायर सर्टिफिकेट का नवीनीकरण कर सकेंगे और आवेदन की हर स्थिति को ऑनलाइन देख पाएंगे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विज़न ने देश को डिजिटल सशक्तिकरण की राह दिखाई है और दिल्ली उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पहले फायर सर्टिफिकेट के नवीनीकरण में लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पूरी प्रक्रिया सरल, त्वरित और पारदर्शी होगी।
फायर विभाग के आधुनिकीकरण की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल Ease of Doing Business को और बेहतर बनाएगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।












