पावागढ़ शक्तिपीठ रोपवे हादसा : 6 लोगों की मौत, प्रशासन ने की पुष्टि
गुजरात के पंचमहाल ज़िले में स्थित प्रसिद्ध पावागढ़ शक्तिपीठ पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 3:30 बजे मालवाहक रोपवे की रस्सी अचानक टूट गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो लिफ्टमैन, दो मज़दूर और दो अन्य शामिल हैं।
जिला अधिकारी (डीएम) ने इस दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। घायल लोगों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और गंभीर घायलों का इलाज जारी है।
पावागढ़ शक्तिपीठ गुजरात का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां रोज़ाना हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे व्यवस्था यहां का अहम साधन माना जाता है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। श्रद्धालु भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालवाहक रोपवे की रस्सी अचानक टूटने से यह दुर्घटना हुई। सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवज़ा देने और घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराने की घोषणा की है।