राजस्थान के आदिवासी क्षेत्रों में हर घर जगमगाने की तैयारी, 2.30 लाख से अधिक घरों को मिलेगा बिजली कनेक्शन
जयपुर।
केंद्रीय योजना ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत राजस्थान सरकार ने राज्य के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में 2 लाख 30 हजार से अधिक घरों को विद्युत कनेक्शन देने का लक्ष्य तय किया है।
इस अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्थान डिस्कॉम्स की चेयरमैन ने जयपुर, जोधपुर और अजमेर विद्युत वितरण निगमों के अभियंताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परिवारों को अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिला है, उनका सर्किलवार सर्वे किया जाए, ताकि उन्हें इस योजना के अंतर्गत शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान का उद्देश्य है कि राज्य के हर आदिवासी परिवार तक बिजली की सुविधा पहुंचाई जाए, जिससे इन इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और जीवन स्तर में सुधार हो सके।
इस योजना से उम्मीद है कि प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य गांवों में विकास की नई रोशनी फैलेगी और ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।












