मणिपुर में आतंकियों का हमला, 2 जवान शहीद – 5 घायल
मणिपुर के बिष्णुपुर ज़िले से बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार (19 सितंबर 2025) की शाम करीब 5:50 बजे आतंकियों ने असम राइफल्स के जवानों पर घात लगाकर हमला कर दिया। यह हमला एनएच-2 पर नाम्बोल सबल लाइकाई इलाके में हुआ।
इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इम्फाल स्थित RIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हमले के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस और असम राइफल्स के जवान मिलकर सर्च अभियान में जुटे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया था। सुरक्षाबलों को आशंका है कि इसमें मणिपुर के आतंकी संगठनों का हाथ हो सकता है।
इस हमले ने एक बार फिर मणिपुर की सुरक्षा स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि राज्य में आतंकी गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं।












