Home » राष्ट्रीय » बंगाल मतदाता सूची विवाद: 22 लाख अपीलों पर जल्द सुनवाई के निर्देश, राशन से वंचित करने पर सरकार से मांगा जवाब

बंगाल मतदाता सूची विवाद: 22 लाख अपीलों पर जल्द सुनवाई के निर्देश, राशन से वंचित करने पर सरकार से मांगा जवाब

नई दिल्ली, दिल्ली। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद नाम हटाए जाने से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। शीर्ष अदालत ने मतदाता सूची में नाम बहाल करने के लिए दायर कुल 38 लाख अपीलों में से 22 लाख अपीलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सोमवार को मामले की सुनवाई की।

नगर निकाय चुनावों को देखते हुए निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आगामी नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर कोलकाता नगर निगम के विभिन्न वार्डों से संबंधित मतदाताओं की अपीलों की सुनवाई अन्य मामलों से पहले की जानी चाहिए।

अदालत ने चुनाव आयोग से अपीलकर्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकरणों के संचालन हेतु अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराने को भी कहा है।

90 लाख मतदाताओं के हटाए गए थे नाम

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान करीब 90 लाख लोगों के नाम हटाए गए थे। इनमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और एक से अधिक बार दर्ज मतदाताओं के अलावा विवरणों में विसंगति वाले मामले शामिल थे।

नाम हटाए जाने के खिलाफ करीब 38 लाख अपीलें दायर की गई हैं। इनकी सुनवाई के लिए वर्तमान में 19 अधिकरण गठित हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इनकी संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

अधिकांश अपीलों में बहाल हुए नाम

अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि अधिकरणों द्वारा अब तक निपटाई गई 1.4 लाख अपीलों में से 90 प्रतिशत से अधिक स्वीकार की गई हैं। उन्होंने अपील दायर करने वाले लोगों को आगामी चुनावों में मतदान की अनुमति देने की मांग की।

सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर विवाद

प्रशांत भूषण ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन और अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इनके समर्थन में कोई उदाहरण पेश नहीं किया गया है। पीठ ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने को कहा है।

वहीं, कोलकाता नगर निगम चुनाव से संबंधित राज्य सरकार की अपील पर सुनवाई बुधवार तक टाल दी गई है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2