Home » क्रिकेट न्यूज़ -खेल » KKR vs GT: फिन एलन और रघुवंशी का तूफान, गुजरात को हराकर कोलकाता ने प्लेऑफ की उम्मीदें रखीं जिंदा

KKR vs GT: फिन एलन और रघुवंशी का तूफान, गुजरात को हराकर कोलकाता ने प्लेऑफ की उम्मीदें रखीं जिंदा

Kolkata Knight Riders ने ईडन गार्डन्स में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में Gujarat Titans को 29 रनों से हराकर आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की दौड़ को और रोमांचक बना दिया। विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 247 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम चार विकेट पर 218 रन ही बना सकी।

कोलकाता की इस जीत के हीरो रहे फिन एलन, जिन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों पर 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चार चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। शुरुआती कुछ गेंदों पर संभलकर खेलने के बाद एलन ने आक्रामक रुख अपनाया और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने केवल 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर लगातार बड़े शॉट लगाते रहे।

एलन ने मोहम्मद सिराज, राशिद खान, कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर जैसे अनुभवी गेंदबाजों को भी नहीं बख्शा। राशिद खान के एक ओवर में उन्होंने दो छक्के और एक चौका जड़ा, जबकि अरशद खान के ओवर में तीन छक्के उड़ाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

एलन को मैच के दौरान दो जीवनदान भी मिले। पहले जेसन होल्डर ने उनका कैच छोड़ा और फिर सिराज भी एक आसान मौका गंवा बैठे। गुजरात की खराब फील्डिंग टीम पर भारी पड़ गई।

दूसरी ओर, युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और सात छक्के शामिल रहे। 21 वर्षीय रघुवंशी ने पूरे आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए सीजन का अपना पांचवां अर्धशतक लगाया। वहीं, कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

गुजरात की ओर से गेंदबाजी में कोई खास प्रभाव नहीं दिखा। टीम ने कई आसान कैच छोड़े, जिसका खामियाजा उन्हें मैच गंवाकर भुगतना पड़ा। हालांकि सिराज ने एक बड़ी उपलब्धि जरूर हासिल की। उन्होंने अजिंक्य रहाणे को आउट कर टी20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए।

248 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 48 गेंदों पर 85 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने सीजन में अपने 500 रन भी पूरे किए। गिल ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

हालांकि गुजरात को उस समय बड़ा झटका लगा, जब साई सुदर्शन चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। तीसरे नंबर पर आए निशांत सिंधु सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर ने गिल के साथ मिलकर पारी संभाली। बटलर ने 35 गेंदों पर 57 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

साई सुदर्शन बाद में बल्लेबाजी के लिए लौटे और नाबाद 53 रन बनाए, लेकिन तब तक मैच काफी हद तक कोलकाता की पकड़ में जा चुका था। आखिरकार गुजरात की टीम 20 ओवरों में 218 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रनों से हार गई।

इस जीत के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। वहीं, गुजरात को इस हार के बाद अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2