Home » ताजा खबर » रूस के भीषण हवाई हमले में यूक्रेन के 12 लोगों की मौत, कई औद्योगिक शहर बने निशाना

रूस के भीषण हवाई हमले में यूक्रेन के 12 लोगों की मौत, कई औद्योगिक शहर बने निशाना

रूस ने यूक्रेन के कई प्रमुख औद्योगिक शहरों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। हमले सोमवार दिन में उस समय हुए जब बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर मौजूद थे, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

रूसी मिसाइल हमलों में निप्रो शहर सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां एक मिनी बस हमले की चपेट में आ गई। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हुए। वहीं यूक्रेन के नियंत्रण वाले जपोरीजिया क्षेत्र में हुए हमलों में तीन लोगों की जान गई और आठ लोग घायल हुए। खार्कीव में भी रूसी हमले में एक युवती की मौत हो गई तथा 10 लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूस लगातार नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है, जिससे आम लोगों की जान जा रही है और भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रभावित तीनों शहर यूक्रेन के प्रमुख औद्योगिक केंद्र हैं।

दूसरी ओर, यूक्रेन के लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों से रूस की कई तेल रिफाइनरियां, तेल-गैस भंडारण केंद्र और पाइपलाइनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते मॉस्को, दक्षिणी रूस और क्रीमिया में ईंधन की कमी की स्थिति पैदा हो गई है। कई इलाकों में पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री सीमित कर दी गई है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उच्चस्तरीय बैठक में स्थिति को चुनौतीपूर्ण बताया, लेकिन भरोसा जताया कि सरकार जल्द ही हालात पर नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2