भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपने करियर को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने मुंबई छोड़कर बेंगलुरु में शिफ्ट होने का निर्णय लिया है, जहां से अब वह अपनी ट्रेनिंग और फिटनेस पर पूरा ध्यान देंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्दिक पांड्या ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बना लिया है। बेंगलुरु स्थित इस केंद्र में भारतीय टीम के खिलाड़ी फिटनेस, रिहैबिलिटेशन और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
हार्दिक पांड्या पहले मुंबई में रहते थे, लेकिन अब वह बेंगलुरु से अपनी तैयारियां करेंगे। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और विशेषज्ञों की निगरानी में अपनी फिटनेस पर लगातार काम करने का अवसर मिलेगा।
पांड्या का यह कदम उनके करियर को लंबी अवधि तक बेहतर बनाए रखने और चोटों से उबरने की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।











