Home » विदेश » प्रेमिका से शादी, वसीयत और फिर आत्महत्या… बर्लिन बंकर में हिटलर के आखिरी दिनों का सच

प्रेमिका से शादी, वसीयत और फिर आत्महत्या… बर्लिन बंकर में हिटलर के आखिरी दिनों का सच

द्वितीय विश्व युद्ध के अंतिम दिनों में जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने बर्लिन स्थित फ्यूहरर बंकर में अपनी प्रेमिका ईवा ब्राउन से शादी की, अपनी अंतिम वसीयत तैयार करवाई और 30 अप्रैल 1945 को आत्महत्या कर ली। ब्रिटिश खुफिया दस्तावेजों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों ने उसके अंतिम दिनों की कई महत्वपूर्ण जानकारियों से पर्दा उठाया।

युद्ध समाप्त होने के बाद सोवियत संघ द्वारा यह दावा किया गया कि हिटलर का शव नहीं मिला है, जिसके बाद उसके जीवित होने की अफवाहें पूरे यूरोप में फैल गईं। इन दावों की सच्चाई जानने के लिए मित्र राष्ट्रों ने बंकर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की।

ब्रिटिश सैन्य खुफिया अधिकारी और इतिहासकार ह्यू ट्रेवर-रोपर ने इन बयानों के आधार पर जांच की और 1947 में प्रकाशित अपनी पुस्तक The Last Days of Hitler में निष्कर्ष दिया कि हिटलर ने बर्लिन बंकर में ही आत्महत्या की थी।

जांच के अनुसार, 28-29 अप्रैल 1945 की रात हिटलर ने अपनी राजनीतिक और व्यक्तिगत वसीयत तैयार करवाई तथा उसी रात अपनी लंबे समय की साथी ईवा ब्राउन से विवाह किया। अगले दिन दोनों ने अपने सहयोगियों से विदाई ली।

30 अप्रैल 1945 की दोपहर हिटलर ने खुद को गोली मार ली, जबकि ईवा ब्राउन ने जहर खाकर जान दे दी। इसके बाद उनके शवों को बंकर के बाहर पेट्रोल डालकर जला दिया गया और बाद में सोवियत सेना ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।

इतिहासकारों के अनुसार, यह घटना द्वितीय विश्व युद्ध के सबसे महत्वपूर्ण और चर्चित अध्यायों में से एक मानी जाती है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2