Home » अपराध » Greater Noida: 12 साल के बच्चे का बाथरूम में मिला शव, परिजन बोले- हत्या हुई; पुलिस जांच में जुटी

Greater Noida: 12 साल के बच्चे का बाथरूम में मिला शव, परिजन बोले- हत्या हुई; पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश

ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर गांव में 12 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाले किशोर का शव बुधवार दोपहर घर के बाथरूम की चौखट से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान आयुष के रूप में हुई है। उसके पिता पातीराम मूल रूप से पीलीभीत जिले के चूड़ा सकतपुर गांव के रहने वाले हैं और हबीबपुर में परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं।

शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा

परिवार के अनुसार आयुष के शरीर पर चोट के निशान थे। उसके पिता ने आशंका जताई कि किसी ने उसकी हत्या करने के बाद शव को बाथरूम की चौखट से लटका दिया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई और पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं साफ हुई वजह

प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखा है। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। फिलहाल परिवार की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

परिवार हत्या का आरोप लगा रहा है, जबकि पुलिस आत्महत्या की आशंका से भी मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के साथ पुलिस जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2