Home » विदेश » Nepal Earthquake Today: नेपाल में तड़के 4.9 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग

Nepal Earthquake Today: नेपाल में तड़के 4.9 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग

काठमांडू, नेपाल। नेपाल में गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.9 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से 73 किलोमीटर की गहराई में था। सुबह-सुबह आए झटकों के कारण लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।

4.9 तीव्रता के भूकंप से लोगों में दहशत

नेपाल में गुरुवार तड़के जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक धरती कांपने लगी। भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर चले गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की तीव्रता 4.9 बताई है। इसका केंद्र जमीन से करीब 73 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया।

26 अक्टूबर को भी आया था भूकंप

नेपाल में भूकंप की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले 26 अक्टूबर को देश के बैतडी जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके झटके बैतडी और दार्चुला जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए थे।

भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, उस समय भूकंप का केंद्र भारत-नेपाल सीमा के नजदीक बैतडी जिले में स्थित था।

शिमला में भी महसूस किए गए थे झटके

नेपाल में आए भूकंप से एक दिन पहले बुधवार रात हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में भी धरती हिली थी। यहां भूकंप की तीव्रता 3.9 दर्ज की गई थी। इसके झटके जुब्बल और रोहरू क्षेत्रों में महसूस किए गए।

भूकंप का केंद्र शिमला जिले में 31.118 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.00 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। झटके कुछ सेकेंड तक महसूस किए गए, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

नेपाल और हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद भूकंप की गतिविधियों पर नजर बनी हुई है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2