Home » अपराध » प्रेमी की हत्या के लिए किशोरी ने दोस्तों को दी सुपारी, अपहरण कर बेरहमी से पीटा; पांच आरोपी गिरफ्तार

प्रेमी की हत्या के लिए किशोरी ने दोस्तों को दी सुपारी, अपहरण कर बेरहमी से पीटा; पांच आरोपी गिरफ्तार

, केरल। केरल के जिले में प्रेम संबंध से छुटकारा पाने के लिए एक 19 वर्षीय युवती ने अपने ही प्रेमी की हत्या की साजिश रच डाली। युवती ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवक का अपहरण करने, उससे लूटपाट करने और उसकी हत्या करने की योजना बनाई। आरोपियों ने युवक को सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा और मरा समझकर नदी किनारे छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, युवक की जान बच गई और उसने पुलिस तक पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले की मुख्य आरोपी सफाना (19) पलक्कड़ जिले के पट्टाम्बी की रहने वाली है। उसने अपने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए तिरूर की रहने वाली अपनी दो सहेलियों नादिया (20) और रबीबा (25) के साथ मिलकर साजिश रची थी। इस योजना में दो अन्य युवक इरशाद (28) और अजहरुद्दीन (25) भी शामिल थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पुरुष आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और हिस्ट्रीशीटर हैं।

मिलने के बहाने युवक को बुलाया

साजिश के तहत आरोपियों ने युवक को देर रात तिरूर बुलाया। उसे बताया गया कि उसकी मुलाकात सफाना से कराई जाएगी। इसके बाद एक आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने युवक को जबरन कार में खींच लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

नदी किनारे मरा समझकर छोड़ा

आरोपियों ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद आधी रात को थाझेपालम नदी के पास सड़क किनारे फेंक दिया। उन्हें लगा कि युवक की मौत हो चुकी है। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने पांचों आरोपियों को पकड़ा

घटना की जानकारी मिलने के बाद तिरूर पुलिस ने इंस्पेक्टर जलील करुथेदथ के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने बुधवार तड़के थाझेपालम के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को तिरूर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना में युवक की जान बचना बेहद अहम रहा, क्योंकि समय रहते पुलिस को सूचना मिलने से आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2