बेंगलुरु, कर्नाटक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले एक दशक में भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और उससे पैदा हुई ऊर्जा संबंधी चुनौतियों का देश आत्मविश्वास के साथ सामना कर पा रहा है। शुक्रवार को बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र के आसपास जारी संघर्ष ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को सामने ला दिया है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने पिछले वर्षों में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के साथ-साथ कच्चे तेल के भंडारण की सुविधाओं का भी विस्तार किया है। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, रेलवे के लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर भी काम किया गया है।
ऊर्जा क्षेत्र की तीन परियोजनाओं से बढ़ेगी क्षमता
मोदी ने कर्नाटक में शुरू की गई ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे देश की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मेंगलुरु में स्थापित एलपीजी भंडारण सुविधा से देश की भंडारण क्षमता में 80 हजार मीट्रिक टन की बढ़ोतरी होगी। वहीं, बेंगलुरु के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
इसके अलावा शुरू किए गए कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र से प्रतिदिन लगभग 13 टन गैस का उत्पादन किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट के पार पहुंच चुकी है।
सौर ऊर्जा योजनाओं से लाखों परिवारों को लाभ
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में 60 लाख से अधिक परिवार अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगा चुके हैं। कर्नाटक में इस योजना के लगभग 40 हजार लाभार्थी हैं। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के तहत राज्य में आठ लाख से अधिक सौर पंप किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।
बेंगलुरु मेट्रो और वंदे भारत ट्रेन को मिली सौगात
प्रधानमंत्री ने करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहार से तवरेकेरे तक 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों के साथ मेट्रो में सफर भी किया।
इसके अलावा बेंगलुरु से मेंगलुरु होते हुए गोवा के मडगांव जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।
देश को समर्पित किया पहला एलईडी डोम तारामंडल
मैसूरु में प्रधानमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने एस-व्यास के योग एवं अनुसंधान केंद्र प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भारत में योग को बढ़ावा देने के प्रयासों से पिछले दशक में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
कर्नाटक में इन कार्यक्रमों के दौरान रेलवे, ऊर्जा, परिवहन और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों की 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।











