Home » ताजा खबर » Assembly Election 2027: यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों पर बड़ा अपडेट, जानिए कब जारी होगा कार्यक्रम

Assembly Election 2027: यूपी, पंजाब समेत पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों पर बड़ा अपडेट, जानिए कब जारी होगा कार्यक्रम

नई दिल्ली, दिल्ली। देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में चुनाव निर्धारित समय पर होने की संभावना है। हालांकि इस बार चुनाव की तारीखों की घोषणा पिछले चुनाव के मुकाबले कुछ दिन देरी से हो सकती है।

मिल रहे संकेतों के अनुसार, चुनाव आयोग 15 जनवरी 2027 के आसपास चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। मतदान की शुरुआत 22 फरवरी के बाद होने की संभावना है।

यूपी में कई चरणों में हो सकते हैं चुनाव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव तीन से चार चरणों में कराने की तैयारी की जा रही है। वहीं अन्य चार राज्यों में एक चरण में मतदान होने की संभावना है।

वर्ष 2022 में इन पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा आठ जनवरी को हुई थी। इस बार आयोग को चुनावी तैयारियां पूरी करने में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है।

दिसंबर तक पूरे होंगे अधिकारियों के दौरे

चुनाव आयोग ने राज्यों में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों के दौरे अभी पूरे नहीं हुए हैं।

इन दौरों के 15 दिसंबर तक पूरे होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त संबंधित राज्यों का दौरा करेंगे। इस प्रक्रिया में लगभग एक महीने का समय लगने का अनुमान है।

यूपी बोर्ड परीक्षा और माघ मेला महत्वपूर्ण

उत्तर प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम तय करते समय बोर्ड परीक्षाओं और के माघ मेले को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है।

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। दूसरी ओर में माघ मेला 14 जनवरी से नौ मार्च तक आयोजित होगा।

माघ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कल्पवास के लिए पहुंचते हैं। कल्पवासियों का प्रवास माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक रहने की संभावना है।

पांच राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल

मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त होगा। गोवा विधानसभा का कार्यकाल 14 मार्च, पंजाब का 16 मार्च और उत्तराखंड का 28 मार्च को समाप्त होगा।

वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।

सूत्रों के अनुसार, पांचों राज्यों में मतदान 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है। हालांकि चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही मतदान और मतगणना की तारीखें स्पष्ट होंगी।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2