Home » ज्ञान – जानकारी » एआई एजेंट्स से बदलेगी भारतीय दफ्तरों की तस्वीर, 93 फीसदी कारोबारी लीडर्स तैयार; कर्मचारियों के लिए नई चुनौती

एआई एजेंट्स से बदलेगी भारतीय दफ्तरों की तस्वीर, 93 फीसदी कारोबारी लीडर्स तैयार; कर्मचारियों के लिए नई चुनौती

नई दिल्ली, दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बढ़ता इस्तेमाल भारतीय कंपनियों के कामकाज में बड़ा बदलाव ला रहा है। अब एआई केवल सहायक तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की व्यावसायिक प्रक्रियाओं में भी इसकी भूमिका बढ़ रही है। केपीएमजी इंडिया और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, देश के 93 प्रतिशत कारोबारी लीडर्स अपने कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एआई एजेंट्स अपनाने की योजना बना रहे हैं।

59 प्रतिशत कंपनियों ने शुरू किया एआई एजेंट्स का इस्तेमाल

रिपोर्ट में बताया गया है कि सर्वेक्षण में शामिल 59 प्रतिशत कंपनियां अपनी व्यावसायिक प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली को स्वचालित बनाने के लिए एआई एजेंट्स का इस्तेमाल शुरू कर चुकी हैं।

वहीं, 74 प्रतिशत भारतीय सीईओ का मानना है कि अगले तीन वर्षों में कंपनियों की वृद्धि काफी हद तक कर्मचारियों की एआई संबंधी तैयारियों पर निर्भर करेगी।

कर्मचारियों के काम करने का तरीका बदलेगा

रिपोर्ट के मुताबिक, एआई किसी नौकरी को पूरी तरह समाप्त करने से पहले उससे जुड़े कार्यों और निर्णय लेने की प्रक्रिया में बदलाव ला रहा है। आंकड़े जुटाने, दस्तावेजों का शुरुआती मसौदा तैयार करने, बड़ी सूचनाओं का सार निकालने और सामान्य विश्लेषण जैसे काम एआई के माध्यम से किए जा रहे हैं।

इसके चलते कर्मचारियों को समस्याओं की सही पहचान करने, आंकड़ों की गहराई से व्याख्या करने और एआई से प्राप्त परिणामों की गुणवत्ता जांचने पर अधिक ध्यान देना होगा।

तकनीकी समझ के साथ मानवीय कौशल भी जरूरी

रिपोर्ट में जोर दिया गया है कि कर्मचारियों को केवल एआई उपकरण चलाने का प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं होगा। उन्हें एआई को सही निर्देश देने, उसके परिणामों की समीक्षा करने, असामान्य परिस्थितियों को संभालने और महत्वपूर्ण व्यावसायिक निर्णय लेने में भी सक्षम बनाना होगा।

2030 तक 59 प्रतिशत कर्मचारियों को प्रशिक्षण की जरूरत

विश्व आर्थिक मंच की फ्यूचर ऑफ जॉब्स रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया गया है कि वर्ष 2030 तक कर्मचारियों के 39 प्रतिशत प्रमुख कौशल बदल सकते हैं। हर 100 में से 59 कर्मचारियों को प्रशिक्षण की आवश्यकता पड़ सकती है। वहीं, 63 प्रतिशत नियोक्ता उपयुक्त कौशल की कमी को कारोबारी बदलाव में बड़ी बाधा मानते हैं।

कंपनियों की भर्ती नीति में आएगा बदलाव

रिपोर्ट के अनुसार, 85 प्रतिशत कंपनियां मौजूदा कर्मचारियों के कौशल विकास पर ध्यान देंगी, जबकि 70 प्रतिशत कंपनियां नए कौशल वाले लोगों की भर्ती करेंगी। करीब 50 प्रतिशत कंपनियां कर्मचारियों को घटती मांग वाले पदों से अधिक मांग वाले क्षेत्रों में स्थानांतरित करने की योजना बना रही हैं।

डिग्री के बजाय कौशल आधारित भर्ती अपनाने से सामान्य पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का दायरा 6.1 गुना और एआई से संबंधित नौकरियों के लिए 8.2 गुना तक बढ़ सकता है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2