नई दिल्ली, दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में औद्योगिक उत्पादन, हवाई संपर्क, बंदरगाह विकास और डाक सेवाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। मंत्रिमंडल ने निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके साथ असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।
घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का जोर
कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम योजना को भारी उद्योग मंत्रालय के माध्यम से लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण उपकरणों और उनके कलपुर्जों का घरेलू उत्पादन बढ़ाना है। योजना के तहत देश में एक समर्पित परीक्षण सुविधा भी स्थापित की जाएगी।
यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्षों तक लागू रहेगी। पहले दो वर्षों में विनिर्माण इकाइयों की स्थापना होगी। वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। अंतिम वर्ष में प्रोत्साहनों का निपटान होगा।
सिलचर एयरपोर्ट पर खर्च होंगे 2,014 करोड़ रुपये
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि असम के सिलचर स्थित डोलू में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये होगी। इस हवाई अड्डे पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 10.1 लाख निर्धारित की गई है।
परियोजना के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अपने आंतरिक संसाधनों से धन उपलब्ध कराएगा।
कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को स्वीकृति दी है। यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत विकसित होगी। इसकी अनुमानित लागत जीएसटी सहित 4,288.26 करोड़ रुपये है।
डाक सेवाओं के विस्तार के लिए 2,632 करोड़ रुपये
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने डाक विभाग की दो योजनाओं को भी जारी रखने की मंजूरी दी है। डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपये और एस्टेट मैनेजमेंट योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन योजनाओं का उद्देश्य डाक सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाना, लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स की जरूरतों को पूरा करना तथा नए और पुराने डाकघरों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।











