जबलपुर, मध्य प्रदेश। जीवन बीमा पॉलिसी की राशि पर नॉमिनी और कानूनी वारिसों के अधिकारों को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि यदि बीमाधारक ने अपनी पत्नी को पॉलिसी में एकमात्र नॉमिनी बनाया है, तो निर्धारित कानूनी शर्तों के अधीन वह पूरी बीमा राशि प्राप्त करने की अधिकारी होगी।
न्यायमूर्ति विवेक जैन की एकलपीठ ने नरसिंहपुर निवासी मोनिका बड़गुर्जर की सिविल रिवीजन स्वीकार करते हुए जिला अदालत के आदेश में बदलाव किया है।
पति की मृत्यु के बाद शुरू हुआ था विवाद
मोनिका बड़गुर्जर के पति मुकेश कहार की मृत्यु 10 जुलाई 2017 को हुई थी। उन्होंने अपने जीवनकाल में जीवन बीमा पॉलिसी ली थी, जिसमें पत्नी को एकमात्र नॉमिनी बनाया था।
पति की मृत्यु के बाद उनके माता-पिता और बहन ने बीमा राशि, भविष्य निधि और ग्रेच्युटी सहित अन्य वित्तीय लाभों पर हिस्सेदारी का दावा किया था।
जिला अदालत ने दिया था बराबर हिस्सेदारी का आदेश
जिला अदालत ने 12 मार्च 2025 को मृतक की पत्नी और मां को प्रथम श्रेणी का कानूनी वारिस मानते हुए संबंधित धनराशि में बराबर हिस्सा देने का आदेश दिया था।
मोनिका ने जीवन बीमा राशि के बंटवारे से संबंधित आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी। उनकी ओर से अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा ने पक्ष रखा।
वर्ष 2015 के कानूनी संशोधन का दिया हवाला
हाई कोर्ट ने बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) की व्याख्या की। वर्ष 2015 में संशोधित इस प्रावधान के तहत निर्धारित श्रेणी के रिश्तेदारों को नामित किए जाने पर बीमा राशि पर लाभकारी अधिकार प्राप्त होता है।
इस श्रेणी में पति, पत्नी, माता-पिता और बच्चे शामिल हैं। हालांकि, ये अधिकार कानून में निर्धारित शर्तों के अधीन होते हैं।
प्रत्येक मामले में समान नहीं होगी स्थिति
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि नॉमिनी बनाए जाने के बाद विवाह या संतान के जन्म से नया कानूनी वारिस सामने आने पर उसके अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
हाई कोर्ट ने संबंधित मामले में मोनिका को जीवन बीमा पॉलिसी की पूरी राशि की एकमात्र लाभार्थी घोषित किया है।
यह आदेश केवल विवादित जीवन बीमा पॉलिसी पर लागू होगा। भविष्य निधि और ग्रेच्युटी की राशि के बंटवारे से संबंधित व्यवस्था में इस फैसले के माध्यम से बदलाव नहीं किया गया है।











