चांदनी चौक को मिला अपना ऐतिहासिक म्यूजियम, विजय गोयल का 24 साल पुराना सपना हुआ साकार
नई दिल्ली: चांदनी चौक की ऐतिहासिक गलियों और समृद्ध विरासत को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। लाहौरी गेट म्यूजियम, जिसे लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय गोयल पिछले 24 वर्षों से संघर्षरत थे, अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। यह म्यूजियम न केवल दिल्ली की धरोहरों को संरक्षित करेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को चांदनी चौक की ऐतिहासिक झलक भी दिखाएगा।

विजय गोयल ने सबसे पहले अपने सांसद निधि (MP-LAD) से इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने संस्कृति मंत्रालय से फंड प्राप्त कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया। अब जब संरक्षण का काम पूरा हो चुका है, तो यह म्यूजियम चांदनी चौक का नया पहचान केंद्र बनकर उभरने जा रहा है।
म्यूजियम में चांदनी चौक के इतिहास के साथ-साथ उस दौर के रहन-सहन, खान-पान और सामाजिक जीवन को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह जगह आने वाले समय में पर्यटकों और इतिहासप्रेमियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सकती है।

विजय गोयल ने इस मौके पर कहा, “यह सिर्फ एक म्यूजियम नहीं, बल्कि हमारी विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।”
चांदनी चौक की पहचान अब सिर्फ बाज़ार और भीड़भाड़ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह म्यूजियम उसे ऐतिहासिक दृष्टि से भी वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करेगा।
नेशनल कैपिटल टाइम्स ; https://nationalcapitaltimes.com/