तिरंगा यात्रा के तहत नाहन में भव्य बाइक रैली, अनुराग ठाकुर ने जताया सैनिकों और देश के प्रति सम्मान
नाहन, हिमाचल प्रदेश – केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 के बाद देश में जो परिवर्तन आया है, उसे सभी ने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपने स्वाभिमान और सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए हर चुनौती का डटकर सामना किया है। चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक या फिर पहलगाम की घटना के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’, भारतीय सेना ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि तिरंगा भारत के आन, बान, शान और शौर्य का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रकट करने, सैनिकों को नमन करने और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के नाहन विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के तहत एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया।
यह बाइक रैली देशभक्ति के रंग में रंगी दिखी, जहां युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सड़कों पर लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने माहौल को गौरवपूर्ण बना दिया। अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर युवाओं से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
यह आयोजन न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नया भारत अब किसी भी परिस्थिति में झुकता नहीं, बल्कि मजबूती से खड़ा होता है।
नेशनल कैपिटल टाइम्स ;