दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के बंगले पर विवाद, AAP ने बताया ‘माया महल’
नई दिल्ली, 6 जून – राजधानी दिल्ली की राजनीति में उस वक्त नया तूफान आ गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को आवंटित सरकारी आवास को लेकर सवालों की झड़ी लगा दी। पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल झा वत्स ने शुक्रबार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम आवास को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए और उसे ‘माया महल’ कहकर संबोधित किया।
क्या हैं आरोप?
अनिल झा के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के वीवीआईपी राजनिवास मार्ग पर अपने लिए 30 कमरों वाले दो आलीशान बंगले आवंटित करवाए हैं। इतना ही नहीं, इन बंगलों में बड़े-बड़े हाई पावर जनरेटर भी लगाए गए हैं ताकि मुख्यमंत्री को बिजली कटौती जैसी समस्या का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा विपक्ष में रहते हुए मुख्यमंत्री आवास पर खर्च को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधती थी, तब अब खुद मुख्यमंत्री बनने के बाद ऐसा भव्य आवास क्यों चुना गया?
AAP का सीधा हमला:
जनता के पैसे की बर्बादी का आरोप
वीआईपी कल्चर को बढ़ावा
जनता से विश्वासघात
अनिल झा ने कहा, “दिल्ली की जनता आज भी बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है और मुख्यमंत्री ‘माया महल’ में रह रही हैं।”
बीजेपी की चुप्पी पर सवाल
AAP नेताओं ने कहा कि भाजपा की तरफ से इस विषय पर अभी तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री को इस विषय पर जनता के सामने आकर सफाई देनी चाहिए।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज़
इस विवाद ने राजधानी में राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस जारी है, जहां लोग रेखा गुप्ता के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा नेतृत्व इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या जनता को इस ‘माया महल’ विवाद पर कोई जवाब मिलेगा या नहीं।












