दिल्ली में दिवाली होगी अयोध्या जैसी भव्य!
कर्तव्य पथ पर दो लाख दीयों से जगमगाएगी राजधानी
नई दिल्ली: इस साल दिल्ली सरकार दिवाली को बेहद खास और भव्य अंदाज में मनाने की तैयारी कर रही है। राजधानी का कर्तव्य पथ 18 और 19 अक्टूबर को दो लाख दीयों की रौशनी से नहा उठेगा।
दिल्ली सरकार के इस विशेष आयोजन में रामायण पर आधारित लेजर प्रोजेक्शन और ड्रोन शो भी पेश किया जाएगा, जो दिव्य रोशनी और तकनीक का अद्भुत संगम होगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह आयोजन अयोध्या दीपोत्सव की तर्ज पर किया जा रहा है, ताकि दिल्ली में भी वही आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल बन सके।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। इस बार के दिवाली उत्सव का फोकस “सांस्कृतिक और आध्यात्मिक थीम” पर रखा गया है, ताकि लोगों में रामायण और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूकता और जुड़ाव बढ़ सके।
गौरतलब है कि पिछले आठ वर्षों में अयोध्या का दीपोत्सव विश्व प्रसिद्ध आयोजन बन चुका है, जहाँ सरयू नदी के तट पर लाखों दीयों से जगमगाते दृश्य ने विश्व रिकॉर्ड कायम किए हैं। दिल्ली सरकार का यह प्रयास उसी परंपरा को राजधानी में साकार रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कर्तव्य पथ पर दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन में दिल्ली के कोने-कोने से लोग उमड़ने की संभावना है, ताकि वे इस अनोखे “दिल्ली दीपोत्सव” के साक्षी बन सकें।