दिल्ली में छठ महापर्व की भव्य तैयारी, सीएम रेखा गुप्ता ने किए 17 मॉडल घाटों के निर्माण की घोषणा
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली सरकार ने पल्ला गांव से लेकर कालिंदी कुंज तक 17 मॉडल छठ घाटों के निर्माण का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक घाट पर टेंट, बिजली, स्वच्छता, शौचालय और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के छठी मईया की पूजा-अर्चना कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छठ पूजा स्थलों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब तक 1000 से अधिक समितियों ने आवेदन किए हैं, और सभी स्थलों पर सरकार की ओर से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सीएम गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को छठ पूजा के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धामय वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा का सामना न करे।












