Philippines की सीनेट में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा बलों ने सीनेटर Ronald dela Rosa को गिरफ्तार करने की कोशिश की। इस दौरान संसद परिसर में गोली चलने की खबर सामने आई, जिससे पूरे देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सीनेटर रोनाल्ड डेला रोजा ने पिछले कुछ दिनों से मनीला स्थित सीनेट भवन के अपने कार्यालय में शरण ले रखी थी। उन्हें आशंका थी कि किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। बुधवार शाम टीवी फुटेज में देखा गया कि भारी संख्या में पुलिस कमांडो और दंगा-रोधी बल सीनेट परिसर में दाखिल हुए। जवान हेलमेट और ढाल के साथ पूरे इलाके को घेरकर खड़े रहे, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि, गोलीबारी किस वजह से हुई और इसमें कोई घायल हुआ या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने भी इस पर स्पष्ट बयान नहीं दिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, जिसके चलते यह घटना हुई।
दरअसल, International Criminal Court ने रोनाल्ड डेला रोजा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन पर मानवता के खिलाफ अपराध के तहत हत्या के गंभीर आरोप लगे हैं। आईसीसी के अनुसार, जुलाई 2016 से अप्रैल 2018 के बीच कम से कम 32 लोगों की हत्या के मामलों में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि डेला रोजा फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख रह चुके हैं और उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति Rodrigo Duterte के विवादित ‘ड्रग्स के खिलाफ युद्ध’ अभियान को लागू करने में अहम भूमिका निभाई थी। इस अभियान के दौरान हजारों संदिग्धों की मौत हुई थी, जिसे लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आलोचना हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, फिलीपींस सरकार डेला रोजा को गिरफ्तार कर आईसीसी को सौंपने की तैयारी में है। हालांकि, उन्हें फिलहाल उनके सहयोगी सांसदों की ‘सुरक्षात्मक हिरासत’ में रखा गया है, जिससे गिरफ्तारी प्रक्रिया और जटिल हो गई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने फिलीपींस की राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है। विपक्षी दल जहां कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, वहीं डेला रोजा के समर्थक इसे राजनीतिक साजिश करार दे रहे हैं। अब सबकी नजरें सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के अगले कदम पर टिकी हैं, जो इस संवेदनशील मामले की दिशा तय करेंगे।












