मुंबई, महाराष्ट्र
14 अगस्त को हिंदी सिनेमा में बॉक्स ऑफिस का बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2‘ और सनी देओल की ‘बंटवारा 1947′ एक ही दिन सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। रिलीज से पहले दोनों फिल्मों के बीच एडवांस बुकिंग को लेकर मुकाबला शुरू हो चुका है और शुरुआती आंकड़ों में ‘आवारापन 2' आगे निकलती दिखाई दे रही है।
सोमवार देर रात दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग शुरू की गई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन के लिए देशभर में ‘आवारापन 2' की करीब 8.7 लाख रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग हो चुकी है। वहीं, ‘बंटवारा 1947' के लिए यह आंकड़ा करीब 2.74 लाख रुपये बताया गया है।
इस लिहाज से इमरान हाशमी की फिल्म शुरुआती बुकिंग में सनी देओल की फिल्म से काफी आगे है। केवल एडवांस बुकिंग ही नहीं, बल्कि बुक माय शो पर दर्शकों की दिलचस्पी के मामले में भी ‘आवारापन 2' आगे नजर आ रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब 294 हजार लोगों ने बुक माय शो पर ‘आवारापन 2' में रुचि दिखाई है। वहीं, ‘बंटवारा 1947' के लिए करीब 131 हजार लोग Interested बताए गए हैं।
‘आवारापन' का पहला पार्ट बाद में बना कल्ट
इमरान हाशमी की ‘आवारापन' का पहला भाग साल 2007 में रिलीज हुआ था। रिलीज के समय फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। हालांकि, बाद में टेलीविजन और दर्शकों के बीच फिल्म की लोकप्रियता बढ़ती गई।
फिल्म के गाने और कहानी लोगों को पसंद आई और समय के साथ ‘आवारापन' को कल्ट फिल्मों में गिना जाने लगा। यही वजह है कि इसके दूसरे भाग को लेकर इमरान हाशमी के प्रशंसकों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
दूसरी तरफ ‘बंटवारा 1947' को सनी देओल की लोकप्रियता का फायदा मिलने की उम्मीद है। फिल्म का विषय और कलाकारों की मौजूदगी इसे भी चर्चा में बनाए हुए है।
हालांकि, एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़ों को अंतिम नतीजा नहीं माना जा सकता। रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया, शो की संख्या और वीकेंड कलेक्शन से ही तय होगा कि दोनों फिल्मों में कौन आगे निकलता है।
फिलहाल रिलीज से पहले की रेस में ‘आवारापन 2' बढ़त बनाती हुई दिखाई दे रही है।











