Home » मनोरंजन » ‘टॉक्सिक’ की रिलीज से पहले कियारा आडवाणी ने शेयर की BTS तस्वीरें, किरदार ‘नादिया’ को लेकर बढ़ाई उत्सुकता

‘टॉक्सिक’ की रिलीज से पहले कियारा आडवाणी ने शेयर की BTS तस्वीरें, किरदार ‘नादिया’ को लेकर बढ़ाई उत्सुकता

मुंबई, महाराष्ट्र

बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की रिलीज से पहले प्रशंसकों के साथ फिल्म के सेट की कुछ खास बिहाइंड द सीन्स (BTS) तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के जरिए उन्होंने अपने किरदार ‘नादिया’ की झलक दिखाई और एक खास कैप्शन के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी।

कियारा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में उनका अलग-अलग लुक देखने को मिल रहा है। एक फोटो में वह फिल्म के मुख्य अभिनेता यश के साथ नजर आ रही हैं। पोस्ट के कैप्शन में कियारा ने लिखा, “नादिया जहां भी जाती है, हलचल मचा देती है।” इस एक लाइन ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

यश अभिनीत फिल्म ‘टॉक्सिक’ इस साल 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में एक साथ रिलीज किया जाएगा। बहुभाषी रिलीज के कारण फिल्म को लेकर देशभर के दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

हाल ही में फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ भी रिलीज किया गया है। यह गाना यश और कियारा आडवाणी पर फिल्माया गया है और रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस गीत को गायक विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल राज शेखर ने लिखे हैं। संगीत विशाल, बिटुपोन बोरुआ, कंदर्पा कलिता और त्रिहंगकु लहकर ने तैयार किया है।

फिल्म की नई बीटीएस तस्वीरों को प्रशंसकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। कई लोग कियारा के नए लुक और उनके किरदार ‘नादिया’ की तारीफ कर रहे हैं। अब दर्शकों की निगाहें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं, जहां पहली बार यश और कियारा की जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आएगी।

 

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2