गुवाहाटी, असम। अरुणाचल प्रदेश की सीमा के नजदीक चीन की महत्वाकांक्षी मेडोग जलविद्युत परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय भू-स्थानिक तकनीक स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स द्वारा सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण में परियोजना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
चीन दक्षिण-पूर्वी तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो नदी पर 60 गीगावाट क्षमता वाली जलविद्युत परियोजना विकसित कर रहा है। यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश की सीमा से करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर स्थित है।
निर्माण स्थल से हटाए गए गांव
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई 2025 की सैटेलाइट तस्वीरों में प्रस्तावित मेनलिंग बांध स्थल पर गांव और कृषि क्षेत्र दिखाई दे रहे थे। दिसंबर 2025 तक इन क्षेत्रों को खाली कराकर मिट्टी से संबंधित निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था।
अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी की धारा मोड़ने के कार्य, नई सड़कों, अस्थायी आवासों और कार्यालय भवनों के निर्माण के संकेत मिले हैं।
पांच जलविद्युत स्टेशन बनाने की योजना
चीन की इस परियोजना की अनुमानित लागत 1.2 ट्रिलियन युआन यानी करीब 168 अरब डॉलर है। परियोजना में पांच जलविद्युत स्टेशन और लगभग 40 किलोमीटर लंबी सुरंगें शामिल होंगी।
रिपोर्ट के अनुसार, नदी के करीब 50 किलोमीटर के क्षेत्र में मौजूद दो हजार मीटर से अधिक की प्राकृतिक ऊंचाई के अंतर का उपयोग बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा।
भारत की सियांग परियोजना क्यों महत्वपूर्ण
भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना का प्रस्ताव रखा है। इसका उद्देश्य नदी के निचले बहाव पर चीनी परियोजना के संभावित प्रभावों को कम करना है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू के मुताबिक, प्रस्तावित जलाशय की क्षमता लगभग 9.2 अरब घनमीटर होगी। उन्होंने चीन के साथ बाध्यकारी जल बंटवारा समझौते और पारदर्शी आंकड़ा साझा करने की व्यवस्था नहीं होने पर भी चिंता जताई है।
विस्थापन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
प्रस्तावित भारतीय परियोजना के खिलाफ आदि समुदायों का विरोध जारी है। स्थानीय लोग भूमि, आजीविका और विस्थापन को लेकर चिंतित हैं।
हालांकि, सैटेलाइट अध्ययन में चीनी बांध से भारत के नदी तंत्र और पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान का कोई सटीक आंकड़ा नहीं दिया गया है।











