Home » हरियाणा » हरियाणा: 7 साल की मासूम से दरिंदगी व हत्या के दोषी को सजा-ए-मौत, BNS के तहत राज्य में दूसरी फांसी

हरियाणा: 7 साल की मासूम से दरिंदगी व हत्या के दोषी को सजा-ए-मौत, BNS के तहत राज्य में दूसरी फांसी

Haryana : सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के दोषी को फांसी की सजा, डीएनए और सीसीटीवी बने अहम साक्ष्य

यमुनानगर, हरियाणा। यमुनानगर की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सात वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में दोषी नरेश राम को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। गुरुवार को अदालत ने मामले को ‘रेयर ऑफ द रेयरेस्ट' श्रेणी का मानते हुए यह फैसला दिया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू होने के बाद हरियाणा में मृत्युदंड सुनाए जाने का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।

तीन अलग-अलग धाराओं में सुनाई सजा

फास्ट ट्रैक अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अग्रवाल की अदालत ने दोषी नरेश राम को तीन अलग-अलग धाराओं के तहत सजा सुनाई है। मृत्युदंड के साथ दोषी पर कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अदालत ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों की गवाही के आधार पर 80 पन्नों का विस्तृत फैसला सुनाया।

बूड़िया गांव में मजदूरी करता था दोषी

31 वर्षीय नरेश राम मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही गांव का निवासी है। वह हरियाणा के यमुनानगर जिले के बूड़िया गांव में लेबर क्वार्टर में रहकर मजदूरी करता था।

सितंबर 2024 में दर्ज हुआ था मामला

सात वर्षीय बच्ची के साथ अपराध की घटना 18 सितंबर 2024 को हुई थी। इसके अगले दिन 19 सितंबर को बच्ची के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद 30 अक्टूबर 2024 को अदालत में चालान पेश किया। इसके बाद 16 दिसंबर को आरोप तय किए गए।

सुनवाई के दौरान लगीं 70 तारीखें

मामले की अदालती सुनवाई के दौरान कुल 70 तारीखें लगीं। इस दौरान 22 लोगों की गवाही दर्ज की गई। डीएनए जांच, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुए।

अदालत ने गवाहों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद दोषी को मृत्युदंड की सजा सुनाई।

पुराने न्यायिक निर्णयों का भी दिया हवाला

अदालत ने अपने फैसले में वसंता संपत दुपारे बनाम महाराष्ट्र राज्य और पुरुषोत्तम दशरथ बोराटे बनाम महाराष्ट्र राज्य के मामलों में दिए गए निर्णयों का भी हवाला दिया।

पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे का आदेश

अदालत ने सजा सुनाने के साथ बच्ची के माता-पिता को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया गया है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2