नई दिल्ली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली की मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की दिशा में पहल करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने आग्रह किया है कि इस सड़क का विकास भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से कराया जाए।
मुख्यमंत्री के अनुसार, लगभग 8.8 किलोमीटर लंबी यह सड़क दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच यातायात का प्रमुख मार्ग है। लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए इसके चौड़ीकरण और उन्नयन की आवश्यकता है।
उन्होंने पत्र में कहा कि यूटीटीआईपीईसी की गवर्निंग बॉडी पहले ही इस सड़क के विकास का समर्थन कर चुकी है। यदि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलता है तो एकीकृत योजना के तहत आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार इसका विकास किया जा सकेगा।
रेखा गुप्ता ने विश्वास जताया कि इस फैसले से ट्रैफिक जाम कम होगा, यात्रा का समय घटेगा और प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।












