कोलकाता: Kolkata Knight Riders ने आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में Mumbai Indians को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान Hardik Pandya बेहद निराश नजर आए और उन्होंने टीम की खराब फील्डिंग तथा बल्लेबाजी को हार का बड़ा कारण बताया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में लगातार विकेट गिरने से बड़ा स्कोर खड़ा नहीं हो सका। हालांकि Corbin Bosch ने 18 गेंदों पर नाबाद 32 रन की तेज पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में केकेआर के लिए Manish Pandey ने 45 रन और Rovman Powell ने 40 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी। इस जीत के साथ केकेआर अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई, जबकि मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
मैच के बाद पोस्ट प्रेजेंटेशन में हार्दिक पांड्या ने स्वीकार किया कि उनकी टीम 15-20 रन पीछे रह गई। उन्होंने कहा, “अगर मैं और तिलक थोड़ी देर और बल्लेबाजी करते और कुछ साझेदारियां बनतीं तो हमारे पास बेहतर मौका होता।”
हार्दिक ने आईपीएल की पिचों और बल्लेबाजों के दबदबे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में आईपीएल पूरी तरह बल्लेबाजों के पक्ष में होता जा रहा है और गेंदबाज खुद को बेबस महसूस कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इस मैच की विकेट की तारीफ करते हुए कहा कि यहां गेंदबाजों को भी मदद मिली, जिससे मुकाबला संतुलित नजर आया।
मुंबई इंडियंस के कप्तान ने टीम की खराब फील्डिंग पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “पूरे सीजन हम फील्डिंग में कमजोर रहे। हमने कई आसान कैच छोड़े। अगर आप मौके गंवाते हैं तो मैच में हमेशा पीछे ही रहते हैं।”
अब मुंबई इंडियंस का आखिरी लीग मैच 24 मई को Rajasthan Royals के खिलाफ खेला जाएगा। हार्दिक ने कहा कि टीम इस मुकाबले को जीतकर सीजन का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहती है, खासकर उन बच्चों के लिए जो स्टेडियम में टीम को देखने आएंगे।









