Home » विदेश » अफगानिस्तान के कुनार में स्कूल में धमाका, सात की मौत और 97 घायल

अफगानिस्तान के कुनार में स्कूल में धमाका, सात की मौत और 97 घायल

अफगानिस्तान के कुनार में स्कूल के पास भीषण विस्फोट, सात लोगों की मौत और 97 घायल

असदाबाद, अफगानिस्तान। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को एक मिडिल स्कूल के पास हुए भीषण विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 97 लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा खनन और सड़क निर्माण कार्य के लिए रखी विस्फोटक सामग्री में धमाका होने के कारण हुआ।

स्कूल के पास एक घर में हुआ विस्फोट

कुनार के सूचना एवं संस्कृति निदेशक समीउल हक हक बयान ने टोलोन्यूज को बताया कि प्रांतीय राजधानी असदाबाद स्थित शागी मिडिल स्कूल के पास एक घर में विस्फोट हुआ। घटना के बाद सात लोगों के शव और 97 घायलों को कुनार प्रांतीय अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

अधिकारियों के मुताबिक, मामूली रूप से घायल हुए कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने से स्थानीय क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

खनन कार्य के लिए रखे गए थे विस्फोटक

सूचना एवं संस्कृति निदेशक के अनुसार, कुनार-नूरिस्तान राजमार्ग पर खनन कार्य और चट्टानों को हटाने के लिए विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी। इसी दौरान स्कूल के पास स्थित एक घर में रखी सामग्री में अचानक विस्फोट हो गया।

विस्फोट के सटीक कारणों का खुलासा बाकी

प्रारंभिक जानकारी में यह घटना एक दुर्घटना बताई गई है। हालांकि, विस्फोटक सामग्री में अचानक धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। स्कूल के विद्यार्थियों और कर्मचारियों में से कितने लोग इस हादसे की चपेट में आए हैं, इसकी भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2