Home » विदेश » ट्रप ने होर्मुज स्ट्रेट को बताया अमेरिका का नया इलाका, नक्शा शेयर कर फिर बढ़ाई हलचल

ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को बताया अमेरिका का नया इलाका, नक्शा शेयर कर फिर बढ़ाई हलचल

वॉशिंगटन, अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रप ने एक बार फिर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बड़ा और विवादित दावा किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर होर्मुज स्ट्रेट का एक नक्शा साझा करते हुए इसे अमेरिका का नया इलाका बताया। उनके इस पोस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अमेरिका तथा ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। यह संकरा समुद्री रास्ता खाड़ी क्षेत्र को दुनिया के अन्य हिस्सों से जोड़ता है। इसी मार्ग से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस और अन्य जरूरी सामानों की आवाजाही होती है। वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिए इसकी रणनीतिक अहमियत बेहद अधिक है। ऐसे में इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर पड़ सकता है।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में जो नक्शा साझा किया है, उसमें इस महत्वपूर्ण समुद्री चोकपॉइंट को विशेष रूप से घेरकर दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति इससे पहले 18 अगस्त को भी यही तस्वीर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर चुके हैं।

अगस्त को किया था अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने का दावा

ट्रंप ने सबसे पहले अगस्त को न्यूयॉर्क में आयोजित एक रैली के दौरान होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह जल्द ही इस महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे।

ट्रंप ने उस दौरान यह भी दावा किया था कि होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है। हालांकि, उनके इस दावे को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सवाल खड़े हुए हैं। होर्मुज स्ट्रेट अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण जलमार्ग है और इस पर नियंत्रण को लेकर लंबे समय से क्षेत्रीय तथा वैश्विक शक्तियों के बीच तनाव बना रहा है।

ईरान ने दिया कड़ा जवाब

ट्रंप के दावे के बाद ईरान ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा और जब तक अमेरिका अपने व्यवहार में बदलाव नहीं करता तथा अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता, तब तक इसे खोलने का सवाल नहीं उठता।

सरकारी टेलीविजन पर दिए गए बयान में रेजाई ने कहा कि अमेरिकी दावों के बावजूद होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति को लेकर ईरान का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि इस बार अमेरिका को पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी।

रेजाई ने दुनिया के अन्य देशों से भी अमेरिका द्वारा शुरू की गई आर्थिक लड़ाई में शामिल नहीं होने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने में शामिल देशों को विरोधी के रूप में देखा जाएगा।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जारी बयानबाजी ने पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ा दिया है। इस समुद्री मार्ग की आर्थिक और रणनीतिक अहमियत को देखते हुए पूरी दुनिया की नजर अब दोनों देशों के अगले कदम पर बनी हुई है। हालांकि, ट्रंप के दावे की अंतरराष्ट्रीय कानूनी मान्यता को लेकर सवाल अभी भी बने हुए हैं।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2