Home » राज्य » उत्तराखंड = UK » उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: हरिद्वार में बदल रहे सियासी समीकरण, भाजपा-कांग्रेस के सामने नए दलों की चुनौती

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: हरिद्वार में बदल रहे सियासी समीकरण, भाजपा-कांग्रेस के सामने नए दलों की चुनौती

देहरादून, उत्तराखंड। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार जिले की राजनीतिक अहमियत बढ़ गई है। प्रदेश की सत्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इस जिले में हर चुनाव के दौरान मतदाताओं का रुझान बदलता रहा है। कभी बहुजन समाज पार्टी का मजबूत गढ़ रहे हरिद्वार में भाजपा ने अपना दबदबा बनाया, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बढ़त हासिल की थी।

नए राजनीतिक दलों ने बढ़ाई चुनावी हलचल

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, बसपा और समाजवादी पार्टी के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और जन निर्माण पार्टी भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही हैं। नए दलों की सक्रियता के बीच हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा सीटों पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

शुरुआती चुनावों में रहा बसपा का दबदबा

वर्ष 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार की नौ सीटों में से बसपा ने पांच सीटें जीती थीं। भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली थी। वर्ष 2007 में बसपा ने छह सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट मिली।

वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद जिले में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। इस चुनाव में भाजपा ने पांच सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस और बसपा को तीन-तीन सीटें मिलीं।

2017 में भाजपा और 2022 में कांग्रेस रही आगे

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को तीन सीटें मिली थीं, जबकि बसपा अपना खाता नहीं खोल सकी थी।

हालांकि, वर्ष 2022 में राजनीतिक समीकरण बदल गए। कांग्रेस ने पांच सीटें जीतकर बढ़त हासिल की। भाजपा को तीन और बसपा को दो सीटें मिलीं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

आगामी चुनाव में नए दलों की सक्रियता के बीच हरिद्वार के मतदाताओं का रुझान क्या रहेगा, यह चुनाव परिणामों से ही स्पष्ट होगा।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2