Home » अपराध – क्राइम रिपोर्ट » मुंबई में पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश विफल, आठ संदिग्ध गिरफ्तार

मुंबई में पुलिस और सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश विफल, आठ संदिग्ध गिरफ्तार

मुंबई/नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और अंडरवर्ल्ड से जुड़े हुए हैं तथा मुंबई में पुलिसकर्मियों, सुरक्षा बलों और संवेदनशील ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुंबई के बांद्रा स्थित गरीब नगर क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को आधार बनाकर हमले की योजना तैयार की थी। इस अभियान के दौरान अवैध निर्माण हटाए गए थे, जिसके बाद कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आई थीं।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने इलाके की रेकी कर पुलिस तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वीडियो तथा तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजी थीं। सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि इस मॉड्यूल के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचते हैं।

स्पेशल सेल ने मुंबई के कुर्ला और ठाणे के मुंब्रा इलाके से दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके मोबाइल फोन की जांच में कई संवेदनशील वीडियो, चैट और वॉइस नोट बरामद हुए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि इन डिजिटल साक्ष्यों से नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पुष्टि हुई है।

खुफिया जानकारी के आधार पर यह भी पता चला कि आरोपियों ने दादर रेलवे स्टेशन के पास एक भीड़भाड़ वाले फुटओवर ब्रिज को संभावित निशाने के रूप में चिन्हित किया था। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।

मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र एटीएस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2