Home » करिअर » CCRUM Vacancy 2026: यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद में निकली 179 सरकारी नौकरियां, जानिए योग्यता, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया

CCRUM Vacancy 2026: यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद में निकली 179 सरकारी नौकरियां, जानिए योग्यता, सैलरी और आवेदन प्रक्रिया

यदि आप सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर है। यूनानी चिकित्सा अनुसंधान के लिए केंद्रीय परिषद (CCRUM) ने वर्ष 2026 की भर्ती अधिसूचना जारी करते हुए विभिन्न श्रेणियों के 179 रिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के तहत रिसर्च ऑफिसर, स्टाफ नर्स, असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर, अकाउंट्स ऑफिसर, यूडीसी, एलडीसी, एमटीएस सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होकर 31 जुलाई 2026 तक चलेगी।

सीसीआरयूएम द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। रिसर्च ऑफिसर (यूनानी) के लिए एमडी या एमएस (यूनानी चिकित्सा) और संबंधित परिषद में पंजीकरण आवश्यक है। पैथोलॉजी और फिजियोलॉजी के रिसर्च ऑफिसर पदों के लिए भी संबंधित विषय में उच्च शैक्षणिक योग्यता और अनुभव अनिवार्य रखा गया है।

स्टाफ नर्स पद के लिए अभ्यर्थी के पास बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग या जीएनएम डिप्लोमा होना चाहिए। इसके साथ नर्सिंग काउंसिल में पंजीकरण और कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव भी जरूरी है। अकाउंट्स ऑफिसर पद के लिए स्नातक डिग्री के साथ लेखा, बजट या नकदी प्रबंधन से संबंधित तीन वर्ष का अनुभव मांगा गया है।

अधिकांश पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है। हालांकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।

वेतनमान की बात करें तो रिसर्च ऑफिसर पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत पे लेवल-10 में 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य पदों पर भी संबंधित वेतनमान के अनुसार आकर्षक सैलरी और सरकारी भत्ते दिए जाएंगे।

इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन के लिए सबसे पहले CCRUM की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सरकारी क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक बेहतरीन अवसर मानी जा रही है। इसलिए पात्र अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2