बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय सुखदेव सुमन साह लेबा में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) खाने के बाद 25 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों के बीमार पड़ने के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और अभिभावकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में दोपहर के भोजन के दौरान बच्चों को चावल और सोयाबीन परोसा गया। आरोप है कि भोजन में सड़ा हुआ चावल और कीड़ों से युक्त सोयाबीन था। भोजन करने के कुछ ही समय बाद कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंच गए और हंगामा किया। सभी बीमार बच्चों को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।
विद्यालय में कुल 140 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि घटना के दिन लगभग 75 बच्चे उपस्थित थे। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रधानाध्यापिका ने सबूत मिटाने की कोशिश की। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।











