भिंड, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मौ थाना क्षेत्र में 20 जुलाई को मिले शव के मामले में पुलिस ने मृतक के दामाद और छोटे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कार की ईएमआई से बचने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान घमूरी गांव निवासी 45 वर्षीय अतर सिंह जाटव के रूप में हुई थी। 21 जुलाई को उनका शव घमूरी पुलिया के पास खेत में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहले मर्ग कायम किया और बाद में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मृतक के दामाद और छोटे भाई को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पहले अतर सिंह को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद साफी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखा गया और आरोपी कुछ समय तक इधर-उधर घूमते रहे। बाद में घमूरी पुलिया के नीचे शव फेंककर घटनास्थल से फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दामाद कार की ईएमआई के भुगतान को लेकर परेशान था और आर्थिक कारणों से उसने यह साजिश रची। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











